Saturday, November 26, 2016

मध्य प्रदेश के पिछड़े वर्ग के प्रखर नेता थे बाबूलाल कुशवाहा भानपुर

मध्य प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के प्रमुख नेतों में शुमार थे बाबूलाल कुशवाहा भानपुर। जिंदगी भर वे भाजपा की केसरिया टोपी सिर पर धारण किए रहे। वे मध्य प्रदेश में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में थे तो भाजपा के भी संस्थापक सदस्यों में थे। मध्य प्रदेश में बाबू लाल नाम के कई नेता हैं। पर वे अपने नाम के साथ अपने गांव के नाम के उपनाम यानी भानपुर वाले के नाम से जाने जाते थे। अपने जीवन काल में उन्होंने मध्य प्रदेश के लगभग हर गांव का दौरा किया था। उनकी ख्याति सिर्फ कुशवाहा समाज में ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश के पिछड़े वर्ग के हर बिरादरी के बीच थी।
जमीन से जुडे इस नेता को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपना राजनीतिक संरक्षक मानते थे। वे बताते हैं कि बाबू लाल भानपुर ने ही उन्हें जनसंघ का सदस्य बनाया था। भोपाल के छोला रोड स्थित उनके आवास पर जाने वाला कोई भी उनका समर्थक विरोधी बिना भोजन किए नहीं लौटता था। मध्य प्रदेश में बाबू लाल भानपुर लंबे समय तक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष रहे। वे लंबे समय तक अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  भी रहे।

बाबूलाल कुशवाहा भानपुर ( पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ,अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा) का अकास्मिक निधन 23 नवंबर 2016 को रात्रि लगभग 12.15  बजे हो गया। उनका अंतिम संस्कार 24 नवंबर को दोपहर बाद छोला विश्राम घाट भोपाल में हुआ।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एंव भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य, भानपुर के बाबुलाल कुशवाहा का निधन मध्यप्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
-         ---शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश

कुशवाह मेरे राजनैतिक संरक्षक थे - शिवराज
 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व अध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग बाबूलाल कुशवाह भानपुर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। चौहान शोक संवेदना प्रगट करने आज गली नंबर एक, छोला रोड, भोपाल स्थित उनके निवास पहुंचे। इस अवसर पर महापौर आलोक शर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वर्गीय कुशवाह जी के साथ उनका गहरा लगाव था। कुशवाह जी के राजनैतिक संरक्षण और मार्गदर्शन में ही वे जनसेवा के संकल्प पथ पर चले हैं। जनसेवा के संकल्प में उनका मार्गदर्शन सदैव मिलता था। उन्होंने स्वर्गीय कुशवाह की स्मृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनसे ही राजनीति में प्रवेश की प्रेरणा भी मिली थी। उनको जनसंघ की सदस्यता भानपुर ने ही दिलाई थी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वर्गीय कुशवाह कर्मठ,  कुशल संगठक, लोकप्रिय जननेता और कार्यकर्ताओं के प्रेरणा-स्त्रोत थे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों एवं अनुयायियों को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
 उनकी सेवाओं को भुलाया नही जा सकता
भोपाल। वाणिज्य उद्योग एवं रोजगार तथा खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने भोपाल के जाने-माने वरिष्ठ नेता तथा अपनी एक अलग पहचान के लिए जाने-जाने वाले बाबूलाल कुशवाह भानपुर के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है।  शुक्ल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि बाबूलाल कुशवाह जनसंघ तथा भाजपा के बुर्जुग सदस्यों में शामिल थे। वे एक सक्रिय जमीनी नेता थे।  उनकी सेवाओं को भुलाया नही जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्व. भानपुर ने सार्वजनिक जीवन में दी गई सेवाओं तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनके दिये योगदान को भुलाया नही जा सकता। 
( BABU LAL KUSHWAHA BHANPUR, MP, BJP, BMS, JANSANGH )
- mauryavidyut@gmail.com 


No comments:

Post a Comment